सरायलंखसी थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के पास गुरुवार की दोपहर पंचर की दुकान के सामने खड़ी पुलिस विभाग में तैनात कुक की बाइक की डिक्की तोड़कर बदमाशों ने उसमें रखे दो लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की जानकारी होने पर पीड़ित ने सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
पुलिस को सौंपी तहरीर के मुताबिक पुलिस लाइन में फालोवर (कुक) के पद पर तैनात सुरेंद्र राम गुरूवार की दोपहर मऊ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से दो लाख रुपये निकालकर उसे बाइक की डिग्गी में रखकर वापस लौट रहा था। इसी बीच पुलिस लाइन के पास पहुंचने पर उसकी बाइक पंचर हो गई, जिस पर उसके द्वारा सड़क किनारे स्थित एक पंचर की दुकान पर बाइक को देकर दुकानदार से बात करने लगे। कुछ देर के बाद बाइक के पास पहुंचा था तो देखा कि डिक्की टूटी पड़ी हुई है और उसमें रखा दो लाख रुपये गायब थे। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी। इस बीच वारदात की सूचना सरायलंखसी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने अज्ञात को आरोपित करते हुए थाने में तहरीर दी।