वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के ठकुरी पट्टी गांव निवासी एक जालसाज ने गाजीपुर तथा कुशीनगर के छह युवकों को विदेश भेजने के नाम पर 1.65 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गाजीपुर जिले के फहीपुर निवासी संतोष सिंह यादव पुत्र महातम, अफरोज आलम, रमाकांत यादव, नितेश मद्धेशिया, मनोज कुमार, झिन्नू कुशवाहा निवासी गेरेंलिया जनपद कुशीनगर ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के ठकुरी पट्टी निवासी सुनील कुमार ने उनको विदेश भेजने के नाम पर 16 जून 2018 को दो लाख 50 हजार रुपए वसूले और उन्हें फर्जी वीजा और टिकट दे दिया। धनाराशि उन्होंने आरोपित के बैंक खाते में भेजा था। जांच कराया गया तो टिकट और वीजा फर्जी निकला। जब आरोपी के घर जाकर पैसा मांगा गया तो उसने तीन किश्तों में 85 हजार रुपया ही दिया। शेष 1.65 लाख देने में अब आनाकानी शुरू कर दी। रविवार को जब वह लोग अपना बकाया पैसा मांगने के लिए फिर उसके घर पहुंचे तो उसने गाली गलौज के साथ ही जान से मारने की धमकी दी और उन्हें भगा दिया। उन सब ने घटना की सूचना 100 नंबर डायल पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तो आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। तहरीर मिलने पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।
सीओ राजकुमार ने बताया कि भुक्तभोगियों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।