मुहम्मदाबाद गोहना। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच करने के लिए आठ सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने निर्धारित बिंदुओं की गहनता से जांच किया और अपनी रिपोर्ट तैयार की
शुक्रवार को राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय लखनऊ से आठ सदस्यों की टीम सरकारी विद्यालयों में संचालित परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच करने मुहम्मदाबाद गोहना पहुंची। टीम के सदस्य सबसे पहले बनियापार कंपोजिट विद्यालय पर पहुंची। मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चे अपने घर से लाई थाली में भोजन करते मिले जिस पर टीम के सदस्यों ने नाराजगी जताई और विद्यालय में उपलब्ध थाली में भोजन करने की सलाह दिया। इसके पश्चात टीम कस्तूरबा विद्यालय पहुंची वहां भी टीम ने मिशन प्रेरणा, डीबीटी, नामांकन, समेकित बालिका शिक्षा, मध्याह्न भोजन और बालिकाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं को परखा। इसके बाद ब्लॉक संसाधन केंद्र पर टीम ने शिक्षा क्षेत्र में समस्त विद्यालयों में बच्चों के नामांकन, अध्यापकों की उपस्थिति, डीबीटी पोर्टल पर नामांकन, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साप्ताहिक बैठक, मिशन प्रेरणा, निपुण मिशन के तहत अकादमिक गीतिविधि की जांच की। टीम ने संचालित क्लास में भी जाकर शिक्षण पद्धति और छात्रों की रुचि के बारे में जानकारी प्राप्त किया। 10 जुलाई को टीम राज्य परियोजना निदेशक को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। टीम में प्रमुख रूप से विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य महेंद्र द्विवेदी, शुभ्रांशु, इमरान अली, राजीव नयन गुप्ता, आरएन सिंह, सरिता सिंह, रवि शर्मा, रंजीत सिंह आदि शामिल रहे।