खेल निदेशालय के तत्वावधान में नगर के भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम
में चल रही आठ दिवसीय प्रदेशीय जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल
मैच वाराणसी तथा विंध्याचल मंडल के बीच खेला गया।
वाराणसी ने शानदार खेल का
प्रदर्शन करते हुए विंध्याचल मंडल की टीम को 3-1 से हराकर विजेता होने का
गौरव हासिल किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विजेता व
उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
आठ दिवसीय प्रदेशीय
जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच वाराणसी तथा विंध्याचल मंडल के
बीच खेला गया। मैच के पहले मिनट में ही विंध्याचल मंडल की परवीन बानो ने
पहला गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी।
मध्यांतर से ठीक पहले
वाराणसी की टीम ने फ्री किक पर गोल कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
मध्यांतर के बाद 60वें मिनट में वाराणसी की टीम ने दूसरा गोल कर 2-1 की
बढ़त बना ली। इसके बाद मैच के अंतिम क्षणों में वाराणसी की टीम ने तीसरा
गोल कर 3-1 के अंतर से जीत दर्ज कर विजेता होने का गौरव हासिल किया।
इस
अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विजेता व उप विजेता टीम
के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। एशियाड में पदक
विजेता कैप्टन राजेंद्र सिंह व भीमनारायन राय को राष्ट्रीय चैंपियन व शाल
प्रदान कर सम्मानित किया।