मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र के सरायमेवागिरी में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार की शाम पति सहित तीन के खिलाफ दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज किया है। शादी के 2.5 माह बाद ही बीते पांच जून को विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला था।
घोसी कोतवाली के हरदासपुर निवासी हीरालाल मौर्य द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार उनकी पुत्री संजू मौर्या (22) की शादी बीते 16 फरवरी को सरायमेवागिरी निवासी मयंक मौर्य से हुई थी। आर्थिक क्षमतानुसार गृहस्थी का सभी सामान और एक पल्सर बाइक देकर विदा किया था। लेकिन शादी के 12 दिन बाद से ही पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग को लेकर ससुराल के लोग प्रताड़ित करने लगे। बेटी के बताने पर ससुराल पहुंचा तो उन्होंने दहेज देने पर ही घर में रखने की बात कही थी, जिसके बाद बीते 10 मार्च को घर लेकर चला गया। आपसी सहमति के बाद बीते 22 अप्रैल को बेटी के ससुर घर आकर उसे अपने साथ ले गए थे। एक सप्ताह बाद ही बेटी ने फोन करके बताया कि पुरानी मांगों को लेकर सभी ने मारा पीटा है।
पांच जून की सुबह नौ बजे बेटी ने अपनी मां को फोन करके बताया था कि पति मयंक मौर्य, सास प्रेम शीला देवी और ससुर परमहंस मारे पीटे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उसी दिन सुबह 11 बजे पुत्र नंदलाल को पुलिस ने फोन करके संजू के ससुराल बुलाया। पत्नी के साथ पहुंचा तो बेटी का शव रखा था।