मऊ। अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अतुल कुमार अनजान ने लखीमपुर खीरी के किसानों की हत्या के विरोध में चार अक्टूबर को देश व्यापी विरोध दिवस मनाने का आह्उवान किया है। अनजान ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के निघासन तहसील में किसानों पर केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या को ज्ञापन देने जा रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर और गोली मारकर हत्या कर दी।
किसान बड़ी संख्या में किसान विरोधी काले कानून का विरोध करने के लिए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री विजय कुमार मिश्रा एवं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मांग पत्र देने जा रहे थे। भाकपा नेता ने आरोप लगाया है कि प्रशासन और भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा किसानों पर गोली भी चलाई गई। जिससे कई किसान मारे गए और लगभग 36 किसान बुरी तरह से आहत हुए हैं। अनजान ने देश के किसान संगठनों एवं उत्तर प्रदेश के किसान संगठनों से चार अक्टूबर को विरोध दिवस मनाने की अपील की है । उन्होंने कहा है कि जिलाधिकारी, एसडीएम, पुलिस कप्तान के कार्यालय पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे । उन्होंने कहा है कि किसान संगठनों का प्रतिनिधिमंडल लखीमपुर खीरी स्थिति का जायजा लेने के लिए रवाना हो गया है। संवाद