संवाद न्यूज एजेंसी मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रविवार देर शाम भदवा गांव के दो सगे भाइयों पर छह लोगों से 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।
गांव की महिला ने पुलिस के कार्रवाई न किए जाने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर दोनों भाइयों पर केस दर्ज हुआ। दोनों आरोपियों ने महिला के अलावा छह से अधिक लोगों के साथ लाखों की ठगी की है।
भदवा गांव निवासी सुमन का आरोप है कि गांव के ही सगे भाई विनोद और रामसमुझ प्रजापति यूनियन बैंक का फ्रेंचाइजी चलाते हैं। लगभग तीन साल पहले आरोपियों ने निजी बैंक में पैसा जमा करने पर हर महीने ब्याज की रकम मिलने का लालच देकर 5 लाख रुपये जमा कराये। आरोपियों ने जमा रकम का फर्जी बॉन्ड देकर पैसा सुरक्षित होने का आश्वासन दिया। इसके अलावा भदवा गांव के मोनू प्रजापति से 2 लाख, ममता गोंड से एक लाख, धौरहरा गांव के अब्दुल रज्जाक से 5 लाख, सलोनी राजभर से 18 हजार, चंद्रकला गोंड से 42000 और कुछ अन्य लोगों से हर महीने एक लाख पर 2 हजार ब्याज और 6 वर्ष में रकम दोगुना करने का भरोसा देखकर 13 लाख रुपये ले लिया।