मऊ। धनतेरस पर नगर सहित जिले के विभिन्न प्रमुख बाजारों में खरीदार उमड़ पड़े। बाजारों में हर ट्रेड की दुकानों पर जमकर धन बरसा। धनतेरस पर ज्वेलरी, वाहन, बर्तन की दुकानों पर खरीदारी के लिए इस बार काफी संख्या में लोग दिखाई दिए। लोगों अपने-अपने बजट के हिसाब से सामानों की खरीदारी किया। बाजारों में भीड़ के चलते जाम की स्थिति रही। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन खरीदारी को काफी शुभ माना जाता है।धनतेरस की दस्तक ही दीपावली के आगमन का सूचक है। इसलिए इस दिन सोना, चांदी के आभूषण, बर्तन आदि खरीदने का बहुत महत्व है। ऐसा कहा जाता है कि धनतेरस के दिन चांदी, सोना तथा नया सामान खरीदने से सौभाग्य खुलता है और सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है।
इसी मान्यता के तहत लोगों ने धनतेरस के दिन जमकर खरीदारी की। नगर के सहादतपुरा, मुंशीपुरा, चौक, रौजा, सिंधी कालोनी, गोला बाजार, मिर्जाहादीपुरा में दुकानें सामानों से सजी रहीं। घास बाजार, गोला बाजार सहित तमाम सर्राफा की दुकानों, बाइक तथा वाहनों की शो रुम में लोगों ने खरीदारी की। इसके अलावा मुहम्मदाबाद गोहना, मधुबन, घोसी, दोहरीघाट, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में धनतेरस के दिन बर्तन, सर्राफा, इलेक्ट्रानिक, सहित विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर लोगों ने सामान खरीदे। शाम होते-होते नगर की हर छोटी बड़ी बर्तन, मूर्ति व आभूषणों, कपड़े, मिठाई आदि की दुकानों पर भीड़ देखकर कारोबारी भी दंग रह गए। सबसे अधिक बिक्री बर्तनों की रही। वहीं दूसरे नंबर पर सर्राफा व्यवसाय दिखा। वाहन शो रुम पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
बर्तनों में जहां अधिकांश लोगों ने अपने-अपने जरूरत के हिसाब से कूकर, टिफिन, बाल्टी, गिलास, लोटा, चम्मच, डिनर सेट, टी सेट, भगौना, ड्रम आदि खरीदा। वहीं कुछ लोगों ने छोटी वस्तुएं खरीदकर धनतेरस की रस्म अदायगी की। छोटे बर्तनों में सर्वाधिक बिक्री पीतल के पूजा सामग्रियों की रही। लोगों ने दीपदान, लोटिया, घंटी आदि की खरीदारी भी की। कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ दुकानों तथा शॉपिंग माल में लगी रही।
युवा पीढ़ी का रुझान ब्रांडेड परिधानों की ओर ही अधिक रहा। युवाओं, युवतियों, बच्चों और महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार खूब खरीदारी की। नगर के अली बिल्डिंग में खरीदारी करने आई कंचन सिंह, सुशीला सिंह, जानकी वर्मा ने बताया कि हर वर्ष सोने के आभूषण, बर्तन आदि सामानों को धनतेरस के दिन ही खरीदते हैं। उधर, बाजार में लोगों की भीड़ व खरीदारी से दुकानदार गदगद थे। बर्तन व्यवसायी सौरभ बर्नवाल, सर्राफा व्यवसायी विजय सर्राफ, इलेक्ट्रानिक दुकानदार श्रीकृष्ण प्रसाद ने बताया कि इस त्योहार पर पिछली बार की अपेक्षा खासी अच्छी बिक्री हुई।
सराफा की दुकानों पर रही गहमागहमी
मऊ। नगर के बाजारों में सराफा की दुकानों पर सुबह से ही गहमागहमी रही। लोग सोने, चांदी के सिक्के, गले का हार, सोने की चेन, डायमंड की अंगूठी आदि की खूब डिमांड रही। देर शाम तक खरीदारों में उत्साह का माहौल रहा। इंडियन वुलियन ज्वेलरी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजय सर्राफ ने बताया कि धनतेरस पर लगभग 25 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
मऊ। धनतेरस पर सभी वाहनों के शो-रूम में ग्राहकों की भीड़ देखी गई। हीरो बाइक के शो रूम में अधिक भीड़ देखी गई। अपाचे, जूपिटर स्कूटर, मोपेड, हीरो सुपर स्पेलेंडर आदि की मांग रही। वाहन कारोबारी सादाब अंसारी ने बताया कि जिले में एक हजार वाहनों की बिकने के साथ ही पांच करोड़ का कारोबार हुआ है। गत वर्ष के मुकाबले 10 प्रतिशत ज्यादा हुआ है।
नगर के बाजारों में बर्तन की दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही। दुकानदारों को बात करने की फुरसत नहीं रही। बर्तनों में जहां अधिकांश लोगों ने अपने-अपने जरूरत के हिसाब से कूकर, टिफिन, बाल्टी, गिलास, लोटा, चम्मच, डिनर सेट, टी सेट, भगौना, ड्रम आदि खरीदा। इलेक्ट्रानिक, इलेट्रिककल की दुकानों पर भी खरीदारी की।अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. रामगोपाल गुप्ता ने बताया कि लोगों के पास परचेजिंग पावर कम तो है, लेकिन उत्साह ज्यादा दिख रहा है। बताया कि लगभग एक करोड़ का बर्तन कारोबार होने की उम्मीद है।
मुहम्मदाबाद गोहना। धनतेरस व दीपावली पर्व की खरीदारी पर महंगाई का असर पूरी तरह से हावी रहा। बर्तन की दुकानों, इलेक्ट्रॉनिक, कपड़े, आभूषण आदि की दुकानों पर इस साल ग्राहक कम नजर आए। हालांकि बाजार में भीड़ भाड़ काफी दिखी, लेकिन हर साल की तरह बर्तन सोने चांदी आभूषण और अन्य इलेक्ट्रानिक सामानों की बिक्री पर काफी असर रहा। लोग बाजार में खरीदारी के लिए निकले तो जरूर लेकिन यह केवल खानापूर्ति तक ही सिमट कर रह गई।
बहुत आवश्यक होने पर लोगों ने बर्तन झाड़ू, और आभूषण समेत अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी किया। कस्बा के बर्तन दुकानदार संदीप वर्मा का कहना है कि इस साल धनतेरस पर ग्राहकों की ज्यादा उम्मीद थी लेकिन इस साल बर्तनों की बिक्री फीकी रही। इसी प्रकार आभूषण का व्यापार करने वाले नीरज सेठ का कहना है कि लोग दुकानों पर आए जरूर लेकिन बहुत आवश्यक होने पर ही छोटे सामानों की खरीदारी किया और यह केवल रस्म अदायगी तक सिमट कर रह गया।
मधुबन। धनतेरस के त्योहार पर बाजारों में रौनक रही। इस दिन को शुभ मानकर हर परिवार के लोगों ने नए सामान की खरीदारी की। झाड़ू, बर्तन, सोने-चांदी की दुकानों पर काफी भीड़ देखने को मिली। वहीं दीपावली के लिए लोगों ने दीए और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की। मंगलवार को इस त्योहार पर बाजारों में रौनक रही। बर्तन, सोने-चांदी की दुकानों पर इस त्योहार को लेकर विशेष तैयारियां थीं। सड़क पर दुकानें सजाई गईं थी। सुबह से खरीदारों की भीड़ जुटने लगी थी।
दोपहर बाद बाजारों में काफी भीड़ देखने को मिली। बर्तन, झाड़ू,सोने-चांदी की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। लोगों ने अपने सामर्थ्य के अनुसार सामान खरीदा। दीपावली के सामानों की भी लोगों ने खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ी थी। मर्यादपुर, सिपाह इब्राहिमाबाद, दरगाह, नंदौर और दुबारी क्षेत्र में भी धनतेरस पर बाजारों में भीड़ रही। वहीं नगर के बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रानिक उपकरणों की दुकानों पर खरीदारी की धूम रही। गांवों से लोग बाजार आए और परंपरा के अनुसार नए बर्तन, आभूषणों की खरीदारी की। दुकानों, प्रतिष्ठानों में आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरि की पूजा की गई।