आला अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने शनिवार को बैंकों और माॅल में चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने बैंकों के आसपास और माॅल में संदिग्धों से पूछताछ की, तलाशी भी ली। इस दौरान एक माॅल मेें संदिग्ध रूप से घूम रहे सात युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
शनिवार की सुबह एएसपी सुनील कुमार सिंह, शहर कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह और पीएसी के साथ सबसे पहले नगर क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा स्थित बैंक आफ बड़ौदा के आसपास और परिसर में संदिग्ध दिख रहे लोगों की चेकिंग की गई।
पुलिसकर्मियों के बैंक के भीतर बैठने पर एएसपी ने उन्हें फटकार लगाई और बैंक के बाहर बैठने का निर्देश दिया। इसके बाद नगर क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया के पास चेकिंग अभियान चलाया गया।
जहां पर संदिग्ध लोगों की पुलिस ने तलाशी ली। गाजीपुर तिराहा स्थित एक माॅल और सहादतपुरा स्थित एक माॅल को भी चेक किया गया। इन जगहों से सात संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
हालांकि पूछताछ और चेतावनी के सभी को छोड़ दिया गया। पुलिस की अचानक चेकिंग से हर तरफ अफरा तफरी रही। इस दौरान पुलिस ने लोगों को सहयोग करने की बात कही। चेकिंग के बाद एएसपी सुनील सिंह ने बताया कि डीजीपी कार्यालय से आए निर्देश के बाद यह चेकिंग अभियान चलाया गया है।