रतनपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से 9 से 23 अप्रैल तक संचालित 8वां पोषण पखवाड़ा का समापन किया गया। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के बाद रैली निकालकर लोगों को मातृ एवं शिशु पोषण व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा के रतनपुरा ब्लॉक अध्यक्ष दया श्रीवास्तव ने कहा कि बचपन के पहले छह वर्ष पोषण और पढ़ाई के लिए बेमिसाल होते हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
खंड विकास अधिकारी विवेक सिंह ने बच्चों के प्रारंभिक शारीरिक और मानसिक विकास तथा मातृत्व पोषण के बारे में लोगों को बताया। बाल विकास परियोजना अधिकारी बेबी परवीन ने कहा कि पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य जन आंदोलन के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस दौरान संतोष सिंह, मुख्य सेविका नीलम यादव, आशा सिंह, लिपिक पृथ्वीराज चौहान सहित बड़ी संख्या में विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने हिस्सा लिया।