मऊ। देश में पाकिस्तानी आतंकी माड्यूल का खुलासा होने के बाद सूबे की सरकार और भी ज्यादा सतर्क हो गई है। प्रदेश सरकार ने जहां देवबंद में प्रदेश के पहले एटीएस सेंटर की घोषणा कर दी थी। ऐसे में अब पूर्वांचल के मऊ जनपद में एटीएस सेंटर खोलने को लेकर कवायद तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने एटीएस सेंटर के लिए जमीन भी तय कर लिया है। जिले में एटीएस सेंटर खुलने के बाद यहां से पूर्वांचल के जिलों पर नजर रखी जाएगी।
आंतरिक सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की नई इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। इसीक्रम में जिले में भी एटीएस सेंटर बनाए जाने की घोषणा की गई है। इस घोषणा से पुलिस प्रशासन का मनोबल बढ़ा है, वहीं जिले के लोग भी बेहतर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्साहित दिख रहे हैं। पूर्वांचल के जिलों में पहले भी आतंकी कनेक्शन मिले हैं। ऐसे में आतंकवाद निरोधक दस्ते की जरूरत काफी बढ़ जाती है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश सरकार की इस अनूठी मुहिम के भविष्य में जरूर सार्थक परिणाम निकलेंगे। उधर एटीएस सेंटर खोले जाने की कवायद जिले में कुछ माह पूर्व ही कर दी गई थी। इसके लिए पुलिस मुख्यालय की तरफ से जिले में एटीएस सेंटर बनाने के लिए जमीन खोजने के संबंध में पुलिस अधीक्षक को पूर्व में पत्र भेजा गया था जिसे पुलिस अधीक्षक की ओर से जिलाधिकारी को भेजा जा चुका है। विभागीय सूत्रों की मानें तो प्रशासन की ओर से इस सेंटर के लिए परदहा ब्लाक में जमीन को तय किया जा चुका है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि एटीएस सेंटर खोलने के लिए जमीन की व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय से पत्र भेजा गया था, जिसे जिलाधिकारी को भेजा जा चुका है। जमीन का निर्धारण होने के बाद सेंटर बनाने का कार्य शासन की तरफ से किया जाएगा।