मऊ। आगामी त्योहार दुर्गापूजा, दशहरा तथा चेहल्लुम को लेकर जिले के विभिन्न थानों पर बुधवार को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर लोगों से आगामी त्योहारों में शांति तथा सौहार्द कायम रखने की अपील की गई। साथ ही त्योहारों को कोरोना गाइड लाइन के अनुसार ही मनाने की अपील की गई।
इसी क्रम में कोपागंज थाने उप जिलाधिकारी सदर जय प्रकाश यादव की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अगर कोई माहौल को खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कर्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उपजिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन काफी चौकन्ना है हर छोटी बड़ी घटनाओं पर प्रशासन की पैनी नजर है। बैठक में थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी, एसआई ज्ञानप्रकाश यादव, राजनरायन पांडेय आदि रहे। वलीदपुर संवाददाता के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक नवागत उपजिलाधिकारी लालबाबू दूबे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उन्होंने आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। मूर्ति रखने वाले कमेटी के पदाधिकारियों से आग्रह किया गया कि सभी अनुमति लेकर ही मूर्ति स्थापित करें। दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक में उपजिलाधिकारी डा. सीएल सोनकर ने कहा कि इस बार पंडालो में ढाई से तीन फुट की मुर्ति रखने की शासन द्वारा गाइड लाइन जारी की गई है। इसके साथ ही पूजा पंडालों में कोरोना गाइड लाईन का विशेष ध्यान रखने की अपील की। फतेहपुर मंडाव संवाददाता के अनुसार रामपुर थाना परिसर में सीओ अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति कमेटी की बैठक हुई। जिसमें कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने की अपील की गई। चेताया गया कि अमन में खलल डालने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।