मऊ। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जनपद इकाई की तरफ से छह दिसंबर से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस संबंध में एसोशिएशन ने शनिवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्रक देकर अवगत कराया था। सोमवार की सुबह 10 बजे से सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देंगे। पत्रक के माध्यम से अवगत कराया कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका मंगलवार को सुबह 10.30 बजे से नगर के सोनीधापा इंटर कॉलेज के मैदान में इकट्ठा होकर आजमगढ़ मोड़, गाजीपुर तिराहा होते हुए रैली निकालेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। मांगों को लेकर चेताया कि छह दिसंबर से जनपद की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका किसी भी विभागीय कार्य को नहीं करेगी। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष कंचन राय, अनिता प्रजापति, प्रेम बालिका यादव, पूनम सिंह, हेमलता आदि रहे।