घोसी। भीषण गर्मी के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया है। लेकिन घोसी में अधिकांश वाटर कूलर खराब हालत में पड़े हैं। कस्बे में आने वाले सवाल उठाते हैं कि आखिरकार नगर पंचायत के जिम्मेदारों को अपने दायित्वों का एहसास क्यों नहीं हो रहा है। नगर पंचायत में एक दर्जन से अधिक इंडिया मार्क हैंडपंप खराब पड़े हुुए हैं। नगरवासियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत की तरफ से जगह-जगह एक दर्जन से अधिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं। लेकिन अप्रैल माह में ही पड़ रही भीषण गर्मी के बाद भी अधिकांश अभी तक शोपीस बने हुए है।इससे आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर स्थानीय नागरिकों ने सभी वाटर कूलर को ठीक कराने की मांग की है।
बताते चलें कि नगर पंचायत घोसी द्वारा बस टेशन, तहसील,सहित करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर लोगों शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समेत प्रमुख करीब एक दर्जन वाटर कूलर लगाए गए थे। एक वाटर कूलर के लिए करीब 10 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है, लेकिन वर्तमान में यह वाटर कूलर रख रखाव के अभाव में मात्र शोपीस बन कर रह गए है। सीताकुंड, बस्टेशन के पास, कोतवाली प्रांगण में, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में, कादीपुरा में मदरसे के पास, करीमुद्दीनपुर में, तहसील के गेट पर लगा वाटर कूलर या तो पूरी तरह से खराब है या कूलिंग सिस्टम खराब है।
बस स्टेशन के पास के साथ सीताकुंड पर लगे वाटर कूलर का तो पंप आदि बहुत पहले से ही चोरी हो चुका है। लेकिन अब तक न तो इसे चालू कराया गया है और न ही खराब वाटर कूलर को दुरुस्त कराने की कवायद की गई है। इतना ही नहीं कई जगहों पर लगे वाटर कूलर की टोटी टूट गई है तो कहीं ऊपर लगी टंकी गायब हो गई है। यही हाल बस स्टेशन परिसर, कोतवाली में,सहकारी संघ के बगल में, ब्लॉक के पीछे,स्टेशन रोड आदि स्थानों पर लगे इंडिया मार्क हैण्डप खराब पड़े हैं।
सहकारी बैंक, कोतवाली, करीमुद्दीनपुर, कस्बा बाजार आदि स्थानों पर लगे इंडिया मार्क हैंडपंपों से गंदा पानी निकलता है। बाहर से आये लोगों को पीने के पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है।इस समस्या के सम्बंध में नगर के घोसी संघर्ष समिति के अरविंद पाण्डेय, समाजसेवी प्रेमचंद मद्धेशिया, छात्रनेता अतुल शर्मा एवं अंसार अहमद आदि का कहना है कि वाटर कूलर को ठीक कराने के लिए नगर पंचायत में कई बार पत्रक दिया गया,लेकिन अब तक ठीक नहीं किया गया। उन्होंने सभी वाटर कूलरों को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है ताकि आमजन को सहूलियत हो। इस बाबत नगर पंचायत घोसी के अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार का कहना है कि जल्दी ही खराब वाटर कूलरों और इंडिया मार्क टू हैंडपंपों को ठीक करा दिया जाएगा।