चिरैयाकोट। रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के चिरैयाकोट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगा ओवरहेड टैंक वर्षो से शो पीस बनकर रह गया है। परिसर में आज तक कोई हैंडपंप भी नहीं लग सका है़। भीषण गर्मी के मौसम में मरीजो को प्यास बुझाने के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल की कोई सुविधा की व्यवस्था न होने से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है़। दूसरी तरफ परिसर में कर्मचारियों और चिकित्सक आवास का निर्माण भी अधूरा है। जिसके चलते रात में ठहरने की कोई व्यवस्था न होने के कारण दोपहर बाद ही डाक्टर और कर्मचारी घर चले जाते हैं। अस्पताल परिसर में लाखों रुपयों की लागत से बना ओवरहेड टैंक वर्षो से बेकार पड़ा हुआ है़। इसके अलावा आज तक एक हैंडपंप तक नहीं लगाया जा सका है। अस्पताल के कर्मचारियों व मरीजों को दूर से पानी लेना पड़ता है। इस संबंध क्षेत्र के राजेंद्र कुमार, सुरसती, संदीप, राकेशचंद गुप्ता तथा लचिया का कहना है़ कि अस्पताल आने के बाद पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। इस बाबत सीएचसी रानीपुर प्रभारी अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार का कहना है कि अस्पताल में बिजली और पानी के लिए कई बार प्रयास किया गया है।