मऊ। शासन के आदेश पर संगठित अपराध और अपराधियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मुख्तार अंसारी के समर्थक और गैंगेस्टर में नामजद सुरेश सिंह की इनोवा को जब्त किया।
पुलिस के अनुसार सुरेश सिंह शहर कोतवाली के भीटी मुहल्ले के निवासी है। पुलिस के अनुसार सुरेश सिंह मुख्तार अंसारी के डी-34 वसूली गैंग के सहयोगी रहे। बीते 31 मई को कोतवाली पुलिस ने सुरेश सिंह सहित 12 के का गैंगेस्टर में चालान किया था। इसके बाद डीएम के आदेश पर धारा 14-ए के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी उन संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई शुरु की गई, जिसे वो संगठित अपराध के जरिए अर्जित किए थे। इसी क्रम में सोमवार को शहर कोतवाली राम सिंह ने सुरेश सिंह की क्रिस्टा क्रेटा इनोवा कार को जब्त किया। पुलिस के अनुसार जब्त की गई कार का मूल्य 26 लाख रुपये के करीब है।
सुरेश सिंह वाहन ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते रहे। नामजदगी होने के बाद पुलिस प्रशासन ने पांच बार में क्रिस्टा क्रेटा कार को जब्त किया। पांच बार की कार्रवाई में सुरेश सिंह की यह छब्बीसवा वाहन है, जिसे पुलिस सोमवार को जब्त की। जब्तीकरण की पहली कार्रवाई एक सिंतंबर को सुरेश की चार बसों को प्रशासन ने जब्त किया। इसकी कीमत करीब 86 लाख थी, इसीक्रम में तीन सितंबर को नौ वाहनों को जब्त किया गया, जिसकी कीमत एक करोड़ पांच लाख 40 हजार रुपये आंकी गई, इसी क्रम में तीसरी बार सात सितंबर को दस वाहनों को जब्त किया गया गया, जिनकी कीमत एक करोड़ 69 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई थी। जब्तीकरण की चौथी कार्रवाई आठ सितंबर को दो ट्रकों को जब्त किया गया। जिसकी कीमत 68 लाख रुपये आंकी गई। पांचवी कार्रवाई सोमवार को इनोवा को जब्त कर किया गया। इस तरह से अबतक प्रशासन सुरेश सिंह की चार करोड़ 54 लाख 95 हजार रुपये मूल्य की वाहन संपत्ति को जब्त कर चुका है। इसमें विभिन्न प्रकार के कुल 26 वाहन शामिल है।