मऊ में घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढवल मोड़ के पास सोमवार की देर रात बारह बजे के करीब श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन की बेकाबू ट्रेलर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में वाहन में सवार एक वयक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल सभी लोग महाराष्ट्र के निवासी हैं।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। महाराष्ट्र राज्य के जालना जिले के आतुर थाना क्षेत्र के मादल गांव निवासी उर्मिला (46) पत्नी जगधारी अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ वाराणसी और नेपाल स्थित मंदिरों के दर्शन के लिए यात्रा पर तीन मई को निकली थी।
सभी लोग काशी की यात्रा पूरी कर नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। सोमवार की रात बारह बजे के करीब घोसी कोतवाली के पिढवल मोड़ के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में वाहन में सवार केदार अग्रवाल (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
रुकमणी (30) पत्नी प्रभु रावत, उर्मिला (46) पत्नी जगधारी, विशाल (28), कल्पना शिंदे (48), शिव कुमारी (40) पत्नी सरीज राव, द्वारिका (52) पत्नी किशन राव, सरस्वती (60) पत्नी अंगद मातने, दिलीप शिंदे (35), सुलोचना (30), प्रह्लाद (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। कल्पना शिंदे, उर्मिला शिंदे, विशाल को चिकित्सक ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।