युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आजमगढ़ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि श्यामाश्रय ने सोशल मीडिया पर किसी बात का विरोध किया था।
मऊ में 12वीं की परीक्षा देकर घर जा रहे एक छात्र को बदमाशों ने गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विज्ञापन
घोसी कोतवाली क्षेत्र के कटिहारी निवासी श्यामाश्रय यादव (18) बुधवार को शाम साढ़े पांच बजे मुहम्मदाबाद गोहना के रामनगर खालिसा स्थित ब्रह्मर्षि श्रीरामकृष्ण इंटर कालेज से 12वीं की द्वितीय पाली की परीक्षा देकर घर जा रहा था। वह अपने एक साथी विवेक के साथ बाइक पर बैठा था।
श्यामाश्रय ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के भदीड़ मोड़ गुलरहवा बाबा के स्थान के पास पहले से घात लगाए पांच-छह बदमाशों ने उसे पीछे से गोली मार दी। गोली उसकी पीठ में लगी। घटना को अंजाम देकर बदमाश बाइक से जीयनपुर की तरफ भाग निकले।
विज्ञापन
सूचना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी मुहम्मदाबाद गोहना पहुंचाया। अस्पताल पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने घटना की जानकारी ली। युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आजमगढ़ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि श्यामाश्रय ने सोशल मीडिया पर किसी बात का विरोध किया था। उसी को लेकर घटना की आशंका जताई जा रही है। थानाध्यक्ष शैलेश सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस छानबीन में जुटी है, अभी तहरीर नहीं मिली है।