हादसे के बाद खाई में पलटी कार।
- फोटो : अमर उजाला
मऊ के सरायलखंसी थाना के मजखनी गांव के पास रविवार की शाम को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर खाई में पलट गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में आगे बैठा युवक घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
रानीपुर थाना के इटौरा गांव निवासी गौतम कुमार (25) पुत्र राजनेत्र राम अपने दोस्त चंदन (26) पुत्र सोचराम के साथ कार से किसी काम अपने गांव उसे पीपरीडीह बाजार जा रहा था। वह दोनों बाजार से कुछ दूरी पर पहुंचे थे कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
इसके बाद कार सर्विस लेन के किनारे एक पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि शीशा तोड़कर कार चला रहा गौतम बाहर कुछ दूरी पर जाकर गिरा था। घटना स्थल पर उसकी मौत हो गई। वहीं, कार की अगली शीट पर बैठा चंदन कार का एयर बैग खुलने से बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर जिला अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी रही। घायल से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजवाया।
सीट बेल्ट लगाया रहता तो बच जाती गौतम कुमार की जान
घटना में मृतक कार चालक गौतम कुमार ने कार चलाते समय सीट बेल्ट नहीं लगाया था। वहीं उसके बगल में चंदन ने सीट बेल्ट लगाया था, जिससे उसको सिर्फ चोट आई थी। अगर गौतम ने भी सीट बेल्ट लगाया होता तो शायद उसकी जान बच जाती।