संवाद न्यूज एजेंसी
कोपागंज। थाना क्षेत्र के टड़ियांव के पास मंगलवार शाम सराफा कारोबारी जितेंद्र वर्मा से बाइक सवार दो बदमाशों ने 37.24 लाख रुपये के गहने लूट लिए।
सूचना पर एसपी इलामारन जी ने पहुंचकर कारोबारियों से बातचीत की। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की है।
घटना के समय कारोबारी घोसी पिढ़वल मोड़ स्थित दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। कोपागंज नगर पंचायत के मोहल्ला चंदनपूरा निवासी सराफा व्यवसायी जितेंद्र वर्मा की घोसी के पिढ़वल मोड़ पर दुकान है।
मंगलवार की शाम सात बजे वह दुकान बंद कर अपने दोस्त के साथ घर जा रहे थे। इस दौरान 150 ग्राम सोना अपने पास और 20 ग्राम सोना अपने साथी को दे दिए। अभी वो घर से चार किमी दूर टड़ियाव स्थित खाद गोदाम के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर रोक लिया। बदमाशों ने उनके पास मौजूद लगभग पांच किलो चांदी और 170 ग्राम सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी इलामारन जी, सीओ जितेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष रविंद्र नाथ राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी ने इस मामले में बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित हैं, जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।