मऊ। जिले में डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा बृहस्पतिवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। दो पालियों में पंजीकृत 10073 की जगह 9646 प्रशिक्षु शामिल हुए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तैनात पर्यवेक्षक माॅनिटरिंग कर रहे थे। वहीं सचल दस्ते ने भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी।
जिले में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था सहित 95 डीएलएड काॅलेजों के प्रशिक्षुओं के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 11 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट पर ही प्रशिक्षुओं की तलाशी लेकर परीक्षा कक्ष में भेजा गया। पहली पाली में प्रथम प्रश्नपत्र शैक्षिक मूल्यांकन क्रियात्मक शोध एवं नवाचार की परीक्षा सुबह 10 बजे से सुबह 12 बजे तक हुई। दूसरी पाली में द्वितीय प्रश्न पत्र समावेशी शिक्षा 1.30 बजे से 3.30 बजे तक हुई। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर डायट से एक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से एक सहित दो-दो पर्यवेक्षक की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और डायट प्राचार्य के नेतृत्व में सचल दस्ते भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे। दो पालियों में पंजीकृत 10073 प्रशिक्षुओं की जगह 9646 प्रशिक्षु परीक्षा में शामिल हुए। इस बाबत प्रभारी डायट प्राचार्य संतोष कुमार उपाध्याय का कहना है कि परीक्षा नकलविहीन कराई गई है।