वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में गंदगी का अंबार सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अभियान को कागजी साबित कर रहा है। यह स्थिति उस समय है जब ब्लाक के 83 गांवों में सफाई को लेकर 179 सफाई कर्मचारियों की तैनाती है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार उदासीन बने हैं।
सफाई कर्मचारियों की मनमाना रवैया के चलते मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के नगरीपार, खैराबाद, अतरारी ,खालिसा , मड़हा भदीड सरकंडा आदि गांव में गंदगी फैली हुई है। इन गांव में निकासी के लिए बने नाले-नालियां जाम होने से सड़क पर बह रहे हैं, तो कई जगहों पर कचरे का ढेर लगा है। समस्या के संबंध में खैराबाद के प्रधान अबू हुरैरा ने बताया कि उनके गांव की आबादी ब्लॉक क्षेत्र में सबसे ज्यादा है, लेकिन बावजूद उनके गांव में एक ही सफाईकर्मी की तैनाती है। सफाई न हो पाने से वह अलग से चार सफाईकर्मियों को लगाकर सफाई करवाते हैं और उनको मजदूरी देते हैं। कहा कि तैनात सफाई कर्मी कभी आता है कभी नहीं। यही समस्या नगरीपार, अतरारी सहित दूूसरे गांव में बनी हुई है। इस बाबत एडीओ पंचायत सतीश मौर्य ने कहा कि अगर सफाई कर्मी गांव में नहीं जाते हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही गांवों में गंदगी मिलने पर संबंधित सफाई कर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।