फतहपुर मंडाव। मधुबन तहसील के बेलौली विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार की सुबह कांग्रेस नेता योगेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में 50 से ज्यादा ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से बीते 10 दिन से 15 गांवों में आपूर्ति नहीं है। शिकायत के बाद भी निस्तारण ना होने पर आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया।
बेलौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े काठतराव, जगदीशपुर, पहाड़ीपुर खिरिया, गोपालपुर, नेमडाड़, फूलपुर, कमलसागर, छतहरा गांवों में बिजली आपूर्ति 10 दिनों से ठप है। बिजली आपूर्ति ठप होने पर किसानों द्वारा कई बार लिखित और मौखिक शिकायत के बाद भी बिजली बहाल नहीं करने पर शनिवार की सुबह 11 बजे कांग्रेस नेता योगेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में 50 से ज्यादा किसान उपकेंद्र पहुंचे। जहां बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। 30 मिनट तक प्रदर्शन करने के बाद रविवार तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी। इस मौके अप्पू मौर्य, विवेक सिंह पटेल, नूरालम अहमद, कमलेश श्रीवास्तव, अंकित मौर्य, गुलाब चंद पुजारी, कन्हैया यादव आदि मौजूद रहे।