मऊ। यूपी बोर्ड की अगले साल होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 2021 की तुलना में कम परीक्षार्थी शामिल होंगे। 2022 हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए फार्म भरने और कक्षा नौंवी तथा 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की तिथि समाप्त हो गई है। हालांकि बोर्ड से चार बार परीक्षा फार्म भरने के लिए तिथि बढ़ाई गई। बावजूद इसके पिछले वर्ष की तुलना में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई। यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटर की बोर्ड परीक्षा मेें 78913 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जबकि 2021 में 91338 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
यूपी बोर्ड परीक्षा के तैयारी की प्रक्रिया तेज हो गई है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए फार्म भरने और कक्षा नौंवी तथा 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि गत 15 दिसंबर को समाप्त हो गई। यूपी बोर्ड हाईस्कूल में 43697 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट में 35216 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। जबकि वर्ष 2021 में हाईस्कूल में 48180 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट में 43158 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। वहीं नौवीं में 45312 परीक्षार्थी तथा 11वीं में 42817 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
आंकड़ों के अनुसार हाईस्कूल में 4483 परीक्षार्थी तथा इंटर में 7942 परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के आवेदन की तिथि 15 दिसंबर तक थी। स्कूल प्रबंधकों की तरफ से कोरोना संक्रमण काल के चलते आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की गई। इसके चलते परीक्षार्थियों की संख्या को बढ़ाने के लिए बोर्ड की तरफ से आवेदन करने की तिथि चार बार बढ़ाई गई। बावजूद इसके परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी नहीं हुई। शिक्षा महकमे के अधिकारियों की मानें तो बोर्ड परीक्षा में आनलाइन प्रक्रिया के चलते फर्जी तरीके से आवेदन करने वालों पर रोक लगी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में पारदर्शी प्रणाली विकसित होने के चलते फर्जी परीक्षार्थियों के आवेदन करने पर रोक लगी है। यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटर बोर्ड परीक्षा मेें 78913 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।