मऊ। जिले के सात खंड शिक्षा अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में 32 विद्यालयों के 38 शिक्षक गैरहाजिर मिले। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्टीकण मांगा है। गौरतलब है कि शिक्षा सत्र का सातवां माह चल रहा है, लेकिन परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की कार्यप्रणाली में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।
परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के कारण बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा नहीं मिल पा रही है। अभिभावकों की शिकायत पर बीएसए के निर्देश पर जांच टीम ने रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। जांच में प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर दक्षिणी एक में एक शिक्षक, उप्रा विद्यालय अल्लीपुर में एक शिक्षक, प्रावि नेवादा में एक शिक्षक, उप्रा विद्यालय करनपुर में एक शिक्षक गैरहाजिर मिले। इसी तरह उच्च प्राथमिक विद्यालय सुल्तानीपुर में एक शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय अब्बूपुर में दो शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय समाउद्दीनपुर मेें एक, उच्च प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर में दो, प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर द्वितीय में एक, प्राथमिक विद्यालय असलपुर में एक शिक्षक गायब मिले। इसी तरह प्रावि अल्देमऊ में दो, उप्रा बसारतपुर में एक, प्रा. विद्यालय बसारतपुर में चार शिक्षक गायब मिले। प्राथमिक विद्यालय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय भुसुवा में छह शिक्षक गायब मिलेे। प्राथमिक विद्यालय पलिया दो में एक, उप्रा विद्यालय में एक, प्रावि ताहिरपुर में दो, प्राथमिक विद्यालय करपिया में एक, प्राथमिक विद्यालय खीरखाड़ में एक, प्रावि ब्राह्मणपुरा उत्तरी मेें दो, उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक, प्राविद्यालय कसारी में एक शिक्षक गैरहाजिर मिले। इस बाबत बीएसए ओपी त्रिपाठी का कहना है कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 38 शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।