नगर क्षेत्र के डीसीएसके पीजी कालेज में प्रवेश परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं।
मऊ। जिला मुख्यालय स्थित डीसीएसके महाविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर की कक्षाओं में प्रवेश पाने के लिए रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में 2013 छात्रों ने भाग लिया। छात्रों की भीड़ देख कॉलेज प्रशासन ने जहां परीक्षा को दो शिफ्टों में संपन्न कराई। वहीं एलर्ट पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किया था।
रविवार को डीसीएसके महाविद्यालय में बीए, बीएससी, एमए प्रथम वर्ष में दाखिला पाने के लिए 2102 छात्र छात्राओं ने आनलाइन आवेदन किया था। प्रवेश परीक्षा में बीए में 1115 के सापेक्ष 1079 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। जबकि बीएससी में 460 के सापेक्ष 428 छात्रों ने परीक्षा दी। एमए में हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, इतिहास, भूगोल में 527 के सापेक्ष 506 छात्रों ने परीक्षा दी। इस तरह से 86 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश परीक्षा छोड़ी। महाविद्यालय प्रशासन ने नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सचल दस्ता बनाया गया था। जो सभी कक्षों में चक्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहा था। प्रवेश परीक्षा के चलते कालेज के आसपास गहमागहमी रही। लेकिन पुलिस फोर्स तैनात रहने के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।