मऊ। नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य होने के चलते रोडवेज डिपो में बसें डिपो में नहीं आ रही है। जहां जाम से और निर्माण के चलते होने वाली परेशानियों से बचने के लिए गाजीपुर तिराहा से निकल जा रही है। इसके चलते डिपो आने वाले कई यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूछताछ केंद्र पर भी यात्रियों को सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
नगर पालिका द्वारा बालनिकेतन तिराहा से आजमगढ़ मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के चलते पिछले कई दिनों से गोरखपुर, बलिया और गाजीपुर को जाने वाली बसें डिपो में आने के बजाए एनएच-29 गाजीपुर तिराहा से सीधे निकल जा रही हैं। वहीं काशी डिपो की बसें गोरखपुर, बलिया जिले से आते हुए रोडवेज आने के बजाए गाजीपुर तिराहा होते हुए सीधे गाजीपुर के लिए जा रही हैं।
जबकि बनारस की तरफ से गोरखपुर - सौनाली जाने वाली बसें भी गाजीपुर तिराहा, भीटी चौराहा होते हुए सीधे दोहरीघाट, घोसी होते हुए गोरखपुर के निकल जा रहीं हैं। इसके चलते इन रूट की कम बसों के डिपो में आने से गोरखपुर रूट और बनारस रूट को जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत एआरएम आरएल पाल का कहना है कि ऐसी शिकायत उन्हें नहीं मिली हैं, लेकिन वो इस मामले की जानकारी लेकर दोषी मिलने पर चालक-परिचालकों पर कार्रवाई करेंगे।