बढुआ गोदाम (मऊ)। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के नोमानी इंटर कालेज के पास गुरुवार की सुबह आठ बजे के करीब साइकिल सवार युवक को बचाने में बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृत युवक की छह जून को शादी होने वाली थी। घटना के बाद मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बकवल दलित बस्ती गांव निवासी बिजेंद्र (24) पुत्र दल सिंगार और उसका चचेरा भाई सुरेंद्र (30) पुत्र हरिदास गुरूवार की सुबह किसी काम से मिर्जाहादीपुरा गए हुए थे। काम खत्म कर दोनों वापस घर लौट रहे थे। वे जैसे ही नोमानी इंटर कालेज के पास पहुंचे कि सामने से आ रहे साइकिल सवार को बचाने में बिजेंद्र की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों युवकों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिवार के सदस्यों ने दोनों युवकों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान बिजेंद्र की मौत हो गई। जबकि उसका चेहरा भाई सुरेंद्र की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मृतक बिजेंद्र चार भाईयों में सबसे छोटा था, उसकी शादी छह जून को होने वाली था। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में शादी की चल रही तैयारियां मातम में बदल गईं।