मऊ। नगरपालिका और नौ नगर पंचायतों में नई सरकार का गठन करने के लिए मंगलवार को नवर्निवाचित दस अध्यक्षों के साथ 173 सभासदों को समारोह का आयोजन कर शपथ ग्रहण कराया गया। समारोह में उपस्थित अध्यक्ष और सभासदों के समर्थक काफी उत्साहित दिखे।
नगर पालिका मऊ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तैयब पालकी के साथ निर्वाचित 42 सभासदों को नगर पालिका के सामने शाहीकटरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी आरजी सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पंडाल पार्टी रंग नीले रंग से सुशोभित हो रहा था। शपथ ग्रहण के बाद चेयरमैन तैयब पालकी ने सभी सभासदों को गुलाब पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया।
चेयरमैन तैयब पालकी ने कहा कि नगरवासियों ने हमेें नगर को विकसित करने की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उनके सपने को साकार करना ही मुख्य उद्देश्य है। कूड़ा निस्तारण, स्लाटर हाउस सहित सभी समस्याओं का समाधान कराना पहली प्राथमिकता है। पालिका कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। शिकायतों का निस्तारण होने के बाद पत्राचार से अवगत कराया भी जाएगा। नगर के सभी वार्डों में समान रुप से विकास कार्य कराया जाएगा। जाम समस्या से निजात दिलाने के लिए गाजीपुर तिराहा से बाल निकेतन तथा आजमगढ़ तिराहा से मिर्जाहादीपुरा तक वन वे बनाया जाएगा। शिक्षा विभाग की तरफ से परिषदीय विद्यालय खोलने के लिए जमीन की मांग की जाती है, तो पालिका प्रशासन की तरफ से जमीन उपलब्ध कराया जाएगा। कहा कि पालिका कम्युनिटी की तरह ही नगर के कई स्थानों पर निर्माण कराया जाएगा ताकि सस्ते दर पर वैवाहिक कार्यक्रम कराने की सुविधा मिल सके। अधिशासी अधिकारी आशीष ओझा ने कहा कि कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए तो नगर के विकास गति को तेज की जा सकती है। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभासद सहित गणमान्य नागरिक शामिल रहे।