घोसी। भाजपा घोसी के कई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश के संगठन महामंत्री को पत्र भेज कर बीते नगर पंचायत चुनाव में दोहरीघाट को छोड़ कर भाजपा की करारी हार का ठीकरा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त के सिर मढ़ते हुए उनके विरुद्ध कार्यवाही की मांग कर डाली।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ अन्य पदाधिकारियों को भेजे शिकायती पत्र में घोसी भाजपा के जिला कार्यसमिति के सदस्य डॉ. जयशंकर प्रसाद, जयप्रकाश सिंह, अनिरुद्ध सिंह, मुन्ना गुप्ता आदि ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता के गलत निर्णय के चलते भाजपा की नगर पंचायत चुनाव में करारी हार हुई। पत्र में तर्क दिया गया है कि यदि पार्टी कार्यकर्ताओं की बात को ध्यान दिया गया होता तो घोसी अमिला के साथ कई नगर पंचायतों में भाजपा को जीत मिल गई होती। यह भी आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष द्वारा पूर्व में लोक सभा प्रत्याशी राम इक़बाल सिंह, हरिनारायण राजभर के चुनाव में तथा विधान सभा चुनावों में योगेंद्र नाथ राय, फागू चौहान के साथ भी चुनाव में भितरघात कर विरोधी दलों के प्रत्याशी को मजबूत करने में सहयोग दिया है। पत्र लिखने वालों ने मांग की है कि ऐसे जिलाध्यक्ष को तुरंत पद से हटाया जाए। जिससे पार्टी को और नुकसान न हो सके। शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में सेक्टर प्रमुख रविंद्र उपाध्याय, मनोज साहनी, पूर्व जिला महामंत्री ओमप्रकाश पांडेय, रामशब्द प्रजापति, विश्वनाथ राजभर आदि रहे। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता का कहना है, कि जो लोग अनुशासन हीनता के चलते पार्टी के विरुद्ध प्रचार किया। इन लोगों के विरुद्ध अनुशासनहीनता की कार्रवाई की संस्तुति भेजी जा चुकी है। ऐसे लोगों को मेरे खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का अधिकार ही नहीं है।