मऊ। जिले के मधुबन और मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में करेंट से ननिहाल आए बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
मधुबन संवाददाता के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के शुक्लपट्टी में ननिहाल में आए बालक की बिजली करेंट की चपेट में आने से गुरुवार को मौत हो गई। बालक की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। पीड़ित परिवार के अनुरोध पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसके परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया।
सतीश उर्फ शिब्बू (8) पुत्र रामअशीष निवासी जोगापुर थाना क्षेत्र हलधरपुर का रहने वाला है। उसका ननिहाल मधुबन थाना क्षेत्र के शुक्लपट्टी गांव में खखनू राजभर के यहां है। सतीश अभी कुछ दिन पहले ननिहाल आया था। गुरुवार की दोपहर वह दरवाजे पर गांव के अन्य लड़कों के साथ खेल रहा था। इसी बीच गांव में गड़े बिजली के पोल में करेंट उतर आया और उसकी चपेट में शिब्बू आ गया। शिब्बू के बिजली की चपेट में आने पर अन्य बच्चे चिल्लाकर भागे। इसी बीच उसके ननिहाल वाले भी दौड़कर आये लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
दूसरी घटना में मुहम्मदाबाद गोहना संवाददाता के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव में गुरुवार को विद्युत करेंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई । युवक की मौत से उसके घर पर कोहराम मच गया।
युवक मनीष 22 मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव का निवासी था। गुरुवार को वह अपने मकान में सबमर्सिबल स्टार्ट कर अपने पालतू कुत्ते को नहला रहा था। इस दौरान कुत्ता उछल कूद कर रहा था । कुत्ते के उछल कूद करने से बगल में मोटर के स्टार्टर में लगा तार निकल गया, इसकी जद में आने से मनीष और कुत्ता दोनों करेंट की जद में आ गए। इस दौरान करेंट लगने से मनीष और कुत्ते की मौत हो गई। युवक के मौत की सूचना मिलने पर उसके घर पर कोहराम मच गया।