मुहम्मदाबाद गोहना। समाधान दिवस का आयोजन मंगलवार को तहसील परिसर मुहम्मदाबाद गोहना में मंगलवार को जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 144 शिकायती पत्र आए, मौके पर सिर्फ छह मामलों का निस्तारण किया जा सका। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए भेजा गया।
समाधान दिवस पर अतिक्रमण, राशन कार्ड, पैमाइश आदि से संबंधित शिकायती पत्रों की भरमार रही। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को गांवों में हो रहे विकास कार्यों की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। इस दौरान तहसील पर पहुंचे डीआईजी ने भी लोगों की शिकायतों को सुना। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस पर दपेहनी गांव में राशन कार्ड में अपात्र लोगों को शामिल किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिलापूर्ति अधिकारी से जांच कर सूची दुरुस्त किए जाने का निर्देश दिया। खलिसा गांव में अतिक्रमण की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को शिकायत की जांच कर कारवाई किए जाने के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार ग्राम कांझाखुर्द में चकबंदी प्रक्रिया अधूरी रहने की ग्राम प्रधान की शिकायत पर डीएम ने बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी से चकबंदी प्रक्रिया में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के सामने विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने राशन कार्डों में धांधली किए जाने की शिकायत किया और पात्रों का नाम सूची में होने की शिकायत किया। डीएम ने आपूर्ति अधिकारी को शिकायत दूर किए जाने का निर्देश दिया। कुल 144 शिकायती पत्रों में से 6 का निस्तारण किया गया। इस दौरान एसपी ललित कुमार समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।