मथुरा के राया कस्बे के एक अस्पताल में कार्यरत युवक ने मंगेतर के साथ फोन पर बात करने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
रामपुुर जिले के थाना स्वार के मसवासी निवासी 20 वर्षीय विशाल दिवाकर सादाबाद रोड स्थित जीडीएम अस्पताल में कार्यरत था और अस्प्ताल में ही दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रहता था। अस्पताल के मालिक हरीश कुमार की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल मयफोर्स के मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम बुला ली। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के बाद विशाल के शव को फंदे से नीचे उतारा।
पुलिस ने विशाल के मोबाइल फोन की रिकॉर्डिंग को सुना। इसमें पता चला कि विशाल की शादी किसी खुशबू नामक युवती से तय हो चुकी थी, वह फोन पर बातचीत के दौरान खुशबू से रोते हुए कहा रहा था, तुम धोखेबाज हो, अपने फोन से मेरी सारी फोटो डीलीट कर दो।
इसके बाद खुशबू ने कई फोन किए लेकिन विशाल ने फोन रिसीव नहीं किया। सूचना पर विशाल के पिता शिवदयाल और चाचा महाराज सिंह राया पहुंच गए हैं। पिता शिवदयाल ने बताया कि विशाल अगस्त 2024 में अस्पताल में नौकरी पर आया था। शिवदयाल ने अस्पताल पर 18 लाख रुपये बकाया बताया। जब पुलिस ने जांच की तो आरोप सही नहीं पाए गए। मृतक का सामान परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने जांच की तो सीसीटीवी फुटेज में विशाल अपने कमरे में अकेला जाता दिखाई दे रहा है।