मथुरा। एटीएम से जालसाजों ने दो लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 2 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना हाईवे क्षेत्र में लगे एटीएम से सोमवार को एक व्यक्ति रुपये निकालने पहुंचा। एटीएम में जब उसने अपना कार्ड लगाकर पिन नंबर डाला तो रुपये नहीं निकले। इसी बीच बाइक पर दो युवक और एटीएम बूथ में आए। कई बार प्रयास के बाद जब उस आदमी के रुपये नहीं निकले तो बूथ में आए दोनों लड़कों ने उस व्यक्ति से कहा कि हम कुछ मदद करें। लड़कों पर भरोसा कर उस व्यक्ति ने एटीएम लगाकर अपना कोड डाल दिया, जिसे शातिर लड़कों ने ताड़ लिया।
जब पैसे नहीं निकले तो उन्होंने फिर खुद उस व्यक्ति का एटीएम लगाया और गलत पिन नंबर डालकर कहा अंकल पैसे नहीं निकल रहे। जालसाजी से उन्होंने दूसरा एटीएम कार्ड उस व्यक्ति का थमा दिया और उसका कार्ड अपने पास रख लिया।
उस व्यक्ति का एटीएम कार्ड लगाकर पिन नंबर डालकर उसने खाते से रुपये निकाल लिए और वहां से भाग गए। इसी तरह की दूसरी घटना हुई। बोटन सिंह निवासी सौंख के 84 हजार और महेंद्र नगर निवासी दो लोगों के 2 लाख रुपये निकालने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।