वृंदावन (मथुरा)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन समिति की वेबसाइट का लोकार्पण जगद्गुरु राजेंद्र दास महाराज ने किया। गोवर्धन के समीप पारसोली में चल रही भागवत कथा में वेबसाइट का लोकार्पण करते हुए स्वामी जी ने कहा वेबसाइट के जरिए दुनिया भर में बैठे कृष्ण भक्त अब द्वापर से अब तक का इतिहास जान सकेंगे और आंदोलन से जुड़कर जन्मभूमि को मुक्त करवाने में आगे आएंगे। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थान को मुक्त करवाना हर सनातन धर्मी की जिम्मेदारी है।
अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने जो मुहिम शुरू की है, हमें इससे जुड़कर वट वृक्ष के रूप में संवारना होगा। अब समय आ गया है श्रीकृष्ण जन्मभूमि अतिक्रमण मुक्त हो। वेबसाइट लोकार्पण समारोह में गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान को कई बार ध्वस्त किया गया और इसे बनाया गया।
द्वापर से आज तक के इतिहास को समेटे इस वेबसाइट से करोड़ों भक्तों को हकीकत का एहसास होगा कि सनातन संस्कृति पर किस तरह प्रहार हुए हैं, लेकिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन समिति द्वारा तैयार इस वेबसाइट में पूरा इतिहास रखा गया है। जिससे लोग श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर हुए आक्रमण की जानकारी कर सकेंगे।
इससे पूर्व जगद्गुरु मलुकपीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास, गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वेबसाइट का लोकार्पण किया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास के साथ वेबसाइट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए अदालत में चल रही कार्रवाई की जानकारी भी रखी जाएगी, ताकि श्रीकृष्ण भक्तों के समक्ष अदालत की पूरी जानकारी रखी जा सके। धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़, गोपेश महाराज, कुंवर जितेंद्र सिंह थे।