थाना जैंत क्षेत्र अंतर्गत धोरेरा खादर में नायब तहसीलदार अपनी टीम के साथ हसानंद गाैशाला की जमीन की नपत के लिए पहुचे थे। वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों ने टीम पर लाठी डंडा और ईंट पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में राजस्व निरीक्षक राकेश यादव और लेखपाल संजय कुमार घायल हो गए।
ये भी पढ़ें-
UP: सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर पहुंचे शिवपाल यादव, कहा- डरेंगे नहीं और दे डाली बड़ी चेतावनी...
पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले और तीन हमलावरों को हिरासत में लिया। बता दें, गांव धोरेरा खादर स्थित हासानंद गोशाला की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। अदालत में इस मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद मथुरा तहसील की टीम जमीन का निरीक्षण और नपत के लिए पहुंची थी।
टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था, लेकिन पहले से मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। घायल लेखपाल संजय कुमार ने बताया कि जैसे ही राजस्व विभाग की टीम नपत के लिए आगे बढ़ी, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने राजस्व कर्मचारियों पर लाठी डंडा और ईंट पत्थर से हमला बोल दिया।
ये भी पढ़ें-
राणा सांगा विवाद: सपा सांसद के खिलाफ क्षत्रिय महासभा का ऐलान..बताया कब तक होगा आंदोलन, 12 अप्रैल को बड़ी बैठक
ग्रामीणों द्वारा हमले किए जाने के दौरान राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार यादव और लेखपाल संजय कुमार घायल हो गए। हमले की सूचना पर तहसीलदार सौरभ यादव और नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। घायलों का हाल जाना।
नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग की ओर से इस हमले को लेकर थाना जैंत में तहरीर दी गई है। जिसमें हमलावरों पर सरकारी काम में बाधा डालने सरकारी कागजातों को फाड़ने एवं सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर घायल करने का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी जैत अश्वनी कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद व 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन लोग हिरासत में हैं। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।