मथुरा में कॉलोनियों में भरा बाढ़ का पानी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना में आई बाढ़ मथुरा में तबाही मचा रही है। रविवार रात जलस्तर 167.67 मीटर पर पहुंच गया, जो अब तक सर्वाधिक है। इसके साथ ही मथुरा और वृंदावन की कॉलोनियों के साथ ही जिले के 54 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। वहीं सोमवार को जिले में स्कूलों की छुट्टी एक बार फिर बढ़ा दी गई है।
बाढ़ के हालात हर गुजरते दिन के साथ और विकराल होते जा रहे हैं। रविवार रात को दो बजे के करीब यमुना का जलस्तर बढ़ा तो लक्ष्मीनगर क्षेत्र की आधा दर्जन कॉलोनियाें में पानी घुस गया। वहीं नौ गांवों में भी पानी घुस गया। जलस्तर बढ़ने से मथुरा के ईसापुर, अयोध्यानगर, लक्ष्मीनगर, हंसगंज, तिवारीपुरम समेत अन्य कई कॉलोनियों में पांच फीट तक जलभराव हो गया।
अयोध्यानगर में जलभराव के चलते रात 12 बजे महेंद्र शर्मा का पक्का मकान भरभराकर गिर गया। रविवार सुबह से उनके घर के आसपास चार फीट पानी भरा था। रविवार को रात 12 बजे के करीब वे अपनी पत्नी, भाई और चार बेटियों के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक फर्श धंसने से उनकी नींद खुल गई। फर्श धंसते ही उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए पूरे परिवार को मकान से बाहर निकाल लिया। उनके बाहर निकलने के चंद मिनट बाद ही पहले पीछे की दीवार गिरी और फिर पूरा मकान धराशायी हो गया।
वहीं दूसरी तरफ यमुना का जलस्तर दिन में कम होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। सोमवार को शाम छह बजे यमुना का जलस्तर तीन सेंटीमीटर गिरकर 167.64 सेंटीमीटर पर आ गया। हालांकि, यह खतरे के निशान से अब भी डेढ़ मीटर से अधिक ऊपर है। हालांकि सोमवार को हथिनीकुंड बांध से 37 हजार क्यूसेक और ओखला से 84 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से अब राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मथुरा में बाढ़ के हालात काबू करने के लिए गोकुल बैराज से 1.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
प्रभावित लोगों को शिविरों में पहुंचाया, हाल जानने पहुंचे अधिकारी
बाढ़ में फंसे लोगों को लगातार प्रशासन द्वारा संचालित 25 राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। वर्तमान में पांच हजार के करीब लोग शिविरों में रह रहे हैं। उन्हें प्रशासन सभी सुविधाएं मुहैया करा रहा है। सोमवार को विधायक श्रीकांत शर्मा, डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने लक्ष्मीनगर स्थित सुभाष इंटर कॉलेज और लक्ष्मी गार्डन में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने लोगों से उनका हाल जाना, साथ ही उन्हें मिलने वाले भोजन व अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
स्कूलों की छुट्टी बढ़ाई, आज भी बंद रहेंगे स्कूल
बाढ़ के चलते मथुरा में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। डीएम चंद्रप्रकाश सिंह के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने मंगलवार को भी कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिले में स्कूल चार सितंबर से बंद हैं।
ये भी पढ़ें-
आगरा में बड़ा हादसा: यमुना किनारे महालक्ष्मी मंदिर की दीवार ढही, डीएम बोले- कुछ लोग चोटिल; तलाशी अभियान जारी