वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास गठन को लेकर सेवायतों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को एक बार फिर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सेवायतों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। फिर भी प्रशासन की कोशिश जारी है।
इस दौरान एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार वृंदावन पहुंचे और सेवायतों से विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने परियोजना के फायदे समझाने की कोशिश की, लेकिन सेवायत अपने रुख पर अडिग रहे। सेवायतों ने स्पष्ट कर दिया कि वे हर हाल में कॉरिडोर और न्यास के खिलाफ हैं और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने एलान किया कि विरोध हर स्तर पर जारी रहेगा।