वृंदावन के केशी घाट में नहाते समय दो दोस्त यमुना में डूब गए। एक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की तलाश जारी है। यह लोग दिल्ली से छह साथियों के साथ वृंदावन घूमने आए थे।
तीर्थनगरी मथुरा के वृंदावन में केशी घाट में मंगलवार को स्नान के दौरान दो दोस्त यमुना में डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डूबने के एक घंटे बाद एक युवक के शव यमुना से बाहर निकल लिया। शव को मृतक के पिता दिल्ली ले गए जबकि उसके साथी युवक का देर शाम तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस और गोताखोरों द्वारा उसकी तलाश जारी है। मृतक मालवीय नगर दिल्ली का निवासी था, जबकि उसका साथी युवक ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है।
विज्ञापन
दिल्ली और ग्रेटर नोएडा से आठ युवकों का दल सोमवार रात वृंदावन दर्शन करने आया था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे सभी वृंदावन की परिक्रमा करने के बाद यमुना में स्नान के लिए केशी घाट पर पहुंचे। स्नान करते समय दिल्ली के मालवीय नगर निवासी 23 वर्षीय रितिक थापा और ग्रेटर नोएडा निवासी 26 वर्षीय सचिन गहरे पानी में डूब गए। गोताखोरों ने यमुना में दोनों युवकों की तलाश शुरु की। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डूबने के एक घंटे बाद रितिक का शव यमुना से बाहर निकाल लिया गया। साथी सचिन की तलाश जारी है।
मृतक रितिक के भाई रोहित ने बताया उसका भाई एवं सचिन सहित आठ युवक मोटरसाइकिल से वृंदावन में दर्शन करने के लिए आए थे। मंगलवार सुबह वृंदावन की परिक्रमा करने के बाद यमुना स्नान करने लगे। तभी अचानक उसका भाई रितिक थापा और सचिन का पैर फिसलने से यमुना के गहरे पानी में डूब गए। पहले तो उन्हें लगा कि वह लोग मजाक कर रहे हैं, लेकिन जब वह यमुना से बाहर नहीं आए तो वह शोर मचाने लगे। तब जाकर उनकी तलाश शुरू हुई।
विज्ञापन
कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि आठ दोस्तों का एक दल दिल्ली से मोटरसाइकिल से वृंदावन दर्शन करने आया था। यमुना स्नान के दौरान दो युवक यमुना में डूब गए। इनमें से दिल्ली निवासी रितिक का शव मिल गया है। उसके पिता किशन थापा उसके शव को दिल्ली ले गए हैं। उसके साथी सचिन की तलाश जारी है।