चौमुहां (मथुरा)। जैंत क्षेत्र के गांव बाटी में रविवार सुबह जमीन के विवाद में एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दूसरे पक्ष के लोगों को लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव बाटी निवासी ओमप्रकाश यादव ने थाना जैंत में दी गई शिकायत में बताया कि रविवार (26 अप्रैल) की सुबह साढ़े नौ बजे वह अपने खेत पर काम कर रहे थे। तभी उनके ही परिवार के शिशुपाल, बृजकिशोर, हरवीर उर्फ बबलू, अमन और अर्पित वहां पहुंचे। जमीन के पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने ओमप्रकाश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में ओमप्रकाश के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंचे गांव वालों ने पीड़ित को बचाया। जैंत पुलिस ने शिशुपाल, बृजकिशोर यादव, अमन यादव और अरविंद यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।