मथुरा। फरह थाना क्षेत्र स्थित ब्लॉक के सामने बृहस्पतिवार रात बाइक सवार सगे भाइयों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई। दोनों युवक चंडीगढ़ स्थित कंपनी में नौकरी करते थे और छुट्टी लेकर महाकुंभ में स्नान के उद्देश्य से घर जा रहे थे।
थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि बाइक सवार युवक प्रतापगढ़ के थाना उदयपुर स्थित गांव कुकरूआ निवासी शिवम (22) और जयवीर (23) को बृहस्पतिवार की रात किसी वाहन चालक ने टक्कर मार दी और भाग गया। दोनों की मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर आए परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव अपने साथ ले गए।
पोस्टमार्टम हाउस पर शिवम के चाचा शिव बहादुर सिंह ने बताया कि जयवीर और शिवम चंडीगढ़ स्थित एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करते थे। सुबह वह अपनी बाइक पर सवार होकर कुकरूआ स्थित गांव के लिए चले। दूसरी बाइक पर उनके जीजा मुकेश भी साथ चल रहे थे। बताया कि चंडीगढ़ से शिवम अपने जीजा के साथ बाइक पर बैठा था। रात 11 बजे के करीब फरह टोल प्लाजा पर उन्होंने चाय पी। इसके बाद शिवम भाई जयवीर की बाइक पर बैठ गया। जीजा अपनी बाइक से आगे निकल गए। पीछे से यह हादसा हो गया।
आधा घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा शिवम, लोग बनाते रहे वीडियो
चाचा शिव बहादुर ने बताया कि टोल प्लाजा से निकलने के बाद काफी देर तक जब दोनों भाइयों की बाइक नहीं आई तो मुकेश ने अपनी बाइक को खड़ा कर लिया और इंतजार करने लगे। काफी देर तक जब वह नहीं आए तो जीजा मुकेश उन्हें खोजने के लिए बाइक से पीछे लौटे। ब्लॉक के पास उन्हें दोनों लहूलुहान हालत में पड़े मिले। उन्होंने बताया कि जयवीर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि शिवम आधा घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा। लोग दुर्घटना का वीडियो बना रहे थे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की, यदि सही समय पर शिवम को इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।