मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र की व्यस्ततम गली पातीराम में जेनरेटर में लगी आग ने घर के नीचे के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर दमकल कर्मी और पुलिस पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मंडी रामदास गली पातीराम निवासी अमर आदर्श वर्मा के मकान के नीचे के हिस्से में लगे जेनरेटर में आग लग गई। जब तक गृह स्वामी को जानकारी होती आग ने मकान के नीचे के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने आग लगी देखी तो गृहस्वामी, पुलिस और दमकल को सूचना दी। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मकान स्वामी द्वारा घनी आबादी वाले क्षेत्र में बिना अनुमति के जेनरेटर चलाया जा रहा था। जेनरेटर में शाॅर्ट सर्किट के कारण आग लगना प्रतीत हो रहा है। गृह स्वामी से जेनरेटर लगाने, प्रदूषण विभाग की एनओसी आदि मांगी है।