मथुरा। शासन ने अभी तक मास्टर डाटा लॉक न करने वाली जनपद की 125 शिक्षण संस्थाओं को एक और मौका दिया है। वह अब आज तक यानि कि 21 अक्तूबर तक अपना मास्टर डाटा लॉक कर सकेंगी। जबकि छात्रवृत्ति के आवेदन के लिए 21 अक्तूबर से तारीख बढ़ाकर 25 अक्तूबर कर दी है। इससे अभी तक छात्रवृत्ति का आवेदन न करने वाले छात्र भी आवेदन कर सकेंगे।
शासन ने दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तारीख बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 21 अक्तूबर के बजाए 25 अक्तूबर तक आवेदन की तारीख कर दी है। इस संबंध में समाज कल्याण विभाग ने मंगलवार को संशोधित आदेश जारी कर दिया है। जिसकी सूचना समाज कल्याण विभाग मथुरा को भी दी है। जिसमें उन 125 शिक्षण संस्थाओं को भी 21 अक्तूबर तक अपना मास्टर डाटा लॉक करने को कहा गया है जो कि अभी तक मास्टर डाटा लॉक नहीं कर सके थे। अभी तक इन्हें 17 अक्तूबर तक का समय दिया गया था।
समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि आदेश के मुताबिक छात्र ऑनलाइन आवेदन करने के बाद हार्डकापी सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ शिक्षण संस्था में 27 अक्तूबर तक जमा कर सकेंगे। छात्र-छात्रा द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्डकापी व संलग्न दस्तावेजों से छात्र-छात्रा के सभी ब्यौरे का शिक्षण संस्थान द्वारा मिलान करने और ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने, सत्यापित व अग्रसारित करने की तारीख 28 अक्तूबर ही रहेगी।