सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करतीं नगर पंचायत चेयरमैन प्रभा देवी व अन्य।
गोवर्धन। कस्बे में करीब दस साल से जर्जर पड़ी तीन सड़कों का निर्माण कार्य रविवार को शुरू हो गया। इन सड़कों को 41 लाख रुपये की लागत से आरसीसी बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभा देवी शर्मा ने भूमि पूजन और नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कस्बे की बदहाल सड़कों को सुधारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। पुरोहित पायसा क्षेत्र, ठाकुरान मोहल्ला और हरिपुरा की ये सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में थीं। सड़क पर गड्ढों और जलभराव की समस्या थी। इनके बनने से सैकड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष लंबरदार ने बताया कि यह निर्माण कार्य शासन से प्राप्त विकास शुल्क अवस्थापना निधि के तहत किया जा रहा है। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई।
इस दौरान सभासद माधव शर्मा, सुरेंद्र गुप्ता, नरसिंह बघेल, रिंकू ठाकुर, श्रीनाथ कौशिक, भगवान दास लंबरदार, दिनेश बाबा, विजय बाबा, हरिओम पुजारी, सुभाष बघेल समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभा देवी शर्मा और टीम का आभार जताया। संवाद