कुश्ती दंगल की शुरुआत कराते अतिथि।
राया। सादाबाद रोड पर रविवार को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर जीत हासिल की। इसके बाद आयोजकों ने विजयी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दंगल में आखिरी कुश्ती हरकेश और अजय के बीच हुई जो बराबरी पर छूटी।
कुश्ती दंगल का शुभारंभ जिलापंचायत सदस्य और भाजपा जिला महामंत्री सतपाल चौधरी ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद के लिए क्षेत्र में स्टेडियम की कमी है। भूमि मिलते ही जल्द स्टेडियम बनेगा। साथ ही कहा कि कुश्ती दंगल ब्रज क्षेत्र की प्राचीन परंपरा है। दंगल में कान्हा पहलवान गुडेरा, चाहत पहलवान सैमरा, भोला करील, दीपक सहतिया, राहुल पहलवान, सचिन मोहन आदि ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर जीत हासिल की। वहीं राहुल बल्टीगढ़ी और रामबावू कुमरपुर, कदीर पहलवान गोविंदपुर और आकाश पहलवान एटा में हुई कुश्ती बराबर पर छूटी।
अंतिम कुश्ती हरकेश पहलवान सादाबाद और अजय पहलवान पलवल के बीच हुई जो रोमांचक मुकाबले के बाद बराबरी पर छूटी। दंगल में विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बनवारी लाल, गोविंद एडवोकेट, नीरज सोलंकी, आशीष कुमार, श्याम बाबू, रुस्तम सिंह, विनोद कुमार, राकेश अग्रवाल, राजकुमार एडवोकेट, कोमल पचौरी आदि मौजूद रहे। रेफरी की भूमिका निहाल सिंह कोच ने निभाई।