मथुरा। प्रस्तावित कृष्णा नगर थाने के लिए नगर निगम ने पुलिस महकमे को जमीन की उपलब्धता से मना कर दिया है। पुलिस ने थाने के लिए तीन हजार वर्ग मीटर जमीन की मांग की थी। नगर निगम की इन्कार के बाद एक बार फिर कृष्णा नगर थाने का प्रोजेक्ट फाइलों में ही लटक गया है।
विज्ञापन
कृष्णा नगर पुलिस चौकी फिलहाल शहर कोतवाली थाने के अधीन है। पांच साल से जमीन के अभाव में कृष्णा नगर थाने का मामला फाइलों में अटका है। दरअसल, शहर कोतवाली क्षेत्र का लगातार विस्तार होने व आबादी बढ़ने के कारण इसे कृष्णा नगर थाना स्थापित कर दो भागों में विभाजित करने का प्लान बनाया गया था।
प्रस्तावित कृष्णा नगर थाने में कुछ हिस्सा हाईवे क्षेत्र से भी हटाकर जोड़े जाने का प्लान है। मगर, जमीन उपलब्ध न होने के कारण यह थाना जमीन पर ही नहीं आ पा रहा है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि जमीन की तलाश लगातार की जा रही है। कृष्णा नगर थाना भविष्य की मांग है।