वृंदावन। मथुरा दरवाजा चौकी क्षेत्र में चोरों ने पुलिस चौकी से महज कुछ कदमों की दूरी पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीएफसी चौराहे के निकट स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोर हजारों की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण ले गए।
सीएफसी क्षेत्र निवासी महिला रुखसाना ने बताया कि वह बुधवार को गौरानगर स्थित अपने बेटे सनी के घर गई थीं। बृहस्पतिवार सुबह उन्हें पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनके मकान की छत टूटी है। जब वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि छत का एक हिस्सा टूटा हुआ था और घर का सारा सामान मलबे के नीचे दबा पड़ा था। घर की तलाशी लेने पर रुखसाना को पता चला कि मकान से लगभग 30 से 35 हजार रुपये की नकदी के साथ-साथ कीमती सोने-चांदी के गहने भी गायब हैं। इस संबंध में उन्होंने मथुरा दरवाजा चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।