मथुरा (राया)। कस्बा राया में एक युवक ने वैवाहिक कार्यक्रम को यादगार पल बनाने और रक्तदान को जागरूकता के लिए घोड़ी पर चढ़ने से पहले रक्तदान किया। इस मौके पर शिविर का आयोजन किया। विवाह स्थल पर आयोजित शिविर में 21 यूनिट रक्तदान हुआ।
शुक्रवार को राया-सादाबाद रोड स्थित वैवाहिक स्थल पर व्यवसायी अमित गोयल की शादी समारोह कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल ब्लड बैंक की वैन समारोह स्थल पर पहुंची। दूल्हा अमित ने रक्तदान किया। वैसे तो अमित साथियों के साथ लंबे समय से जरूरतमंदों की सुविधार्थ रक्तदान कर रहे हैं, लेकिन शादी के समय रक्तदान कैंप एवं खुद दूल्हे द्वारा रक्तदान करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रक्तदाता फाउंडेशन के संचालक अमित गोयल एवं परिवार ने समाज के लिए नई पहल की शुरुआत की है। मां कमलेश गोयल एवं परिजनों ने बेटे अमित एवं रक्तदान करने वाले सभी लोगों को आशीर्वाद दिया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. नगेंद्र गौड़, सचिव डॉ. शिशिर अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. गौरव भारद्वाज, डॉ. मुकेश जैन, डॉ. आशीष गोपाल, सद्भावना ब्लड बैंक के संजीव सारस्वत, सौरभ अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, यतेंद्र फौजदार, राहुल लवानियां, प्रशांत, गोविंद खंडेलवाल, कृष्णा अग्रवाल, राकेश, राजकुमार, कुलदीप बंसल, मोहित बंसल, आकाश, अंकित, आयुष, रिंकू शर्मा, भोलू, विवेक, कुशल अग्रवाल आदि मौजूद थे। संवाद