मथुरा। मथुरा-वृंदावन के लोगों व श्रद्धालुओं को बंदरों से निजात मिलेगी। नगर निगम ने इन्हें पकड़वाने की योजना बनाई है। प्रथम चरण में करीब 2 हजार बंदर पकड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
मथुरा-वृंदावन के लोग बंदरों से काफी परेशान हैं। साथ ही धार्मिक स्थलों पर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी बंदरों के आतंक से परेशान हैं। वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की नजर हटते ही बंदर चश्मा उतारकर ले जाते हैं। इसके अलावा मथुरा में तो बंदर बच्चों और महिलाओं पर जानलेवा हमला तक कर चुके हैं।
कई बार लोगों ने बंदरों को पकड़वाने की मांग उठाई है। महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि बंदर पकड़वाने की निविदा आमंत्रण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही यह अभियान चलाकर इन बंदरों को पकड़वा काफी दूर छोड़ा जाएगा।
--
नहीं बन सका मंकी सफारी
मथुरा। सांसद हेमामालिनी शुरू से मंकी सफारी के लिए जुटी हुई हैं। पर उनकी यह मंशा अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। अगर मंकी सफारी बन जाए तो बंदर भी सुरक्षित हो जाएंगे और एक अच्छा स्थल भी लोगों के लिए घूमने का बन जाएगा।