वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के समय हुए हादसे को 15 दिन बीत गए लेकिन हालात अब भी नहीं बदले हैं। शनिवार को बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ रही। मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी मानव श्रृंखला बनी नजर आ रही थी।
लोग आराध्य के दर्शन की अभिलाषा में मंदिर की ओर बढ़ते जा रहे थे। शनिवार की सुबह और शाम को दर्शन खुलने से पहले मंदिर के प्रवेश द्वारों के बाहर भक्तों की भीड़ एकत्रित होती गई। मंदिर के बाहर भक्त भजन गाकर समय व्यतीत कर रहे थे। मंदिर के गेट नंबर दो और तीन से प्रवेश करने वाले श्रद्घालुओं की भीड़ दिखाई दी। गेट खुलने के साथ ही भक्त मंदिर में प्रवेश कर गए। प्रांगण भक्तों के लगाए बांकेबिहारी के जयकारों से गुंजायमान हो रहा था। एसपी (सिटी) एमपी सिंह का कहना है कि सप्ताहांत के कारण दिल्ली, एनसीआर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। संवाद